RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
भगवान झूलेलाल का अपमान करने वाले पर सख्त कार्रवाई हो आमदार कुमार आयलानी ने पुलिस उपायुक्त से निवेदन देकर की मांग
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को भी लिखा पत्र
उल्हासनगर : अग्रसेन महाराज व झूलेलाल भगवान के प्रति अपशब्द कहने वाले जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित वघेल पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आमदार कुमार आयलानी, सुलभा गायकवाड़, जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या ने आज उल्हासनगर परिमंडल 4 के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे को निवेदन देकर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर आमदार कुमार आयलानी ने कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान आमदार कुमार आयलानी ने कहा कि हम अविभाजित भारत का हिस्सा रहे हैं और जब बात सनातन धर्म को छोड़ने की आई तो हमारे पूर्वज सिंध प्रांत से भारत आ गए इस पर अमित वघेल हमें पाकिस्तानी बोलता है, हमारे भगवान को अपशब्द बोलता है। सिंधी समुदाय एक शांतप्रिय समुदाय है जो किसी भी धर्म की आस्था को ठेस नही पहुंचाता ऐसे में अगर कोई हमारे भगवान के प्रति अपशब्द बोलता है तो हम उसे बर्दाश्त नही करेंगे। हमारी डीसीपी महोदय से मांग है कि हमारी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले पर कड़ी कार्रवाई हो। हमारा पूरा सिंधी समाज नाराज है और कार्रवाई चाहता है।
वहीं शहाड़ पुल बंद किए जाने को लेकर भी पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बंदोबस्त बढ़ाने का निवेदन दिया। इस दौरान भाजपा के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। परिमंडल 4 के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने कहा कि संबंधित व्यक्ति पर मामला दर्ज किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
