RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
छत्तीसगढ़ से MP तक ‘नोटों का खेल’: छोटे नोटों की सप्लाई में बड़ा कमीशन, 17.90 लाख कैश के साथ कारोबारी गिरफ्तार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश तक कमीशन के जरिए छोटे नोटों (₹10, ₹20 और ₹50) की अवैध सप्लाई का मामला सामने आया है। बिलासपुर के बेलगहना थाना क्षेत्र में पुलिस एवं ACCU टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कारोबारी को ₹17.90 लाख नकद के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से छोटे नोटों की बड़ी खेप बरामद हुई है, जिसमें ₹10, ₹20 और ₹50 के नए नोटों के कुल 81 बंडल शामिल हैं। आरोपी इन नोटों को मध्य प्रदेश के कटनी, शहडोल एवं आसपास के व्यापारियों को सप्लाई करता था और प्रत्येक बंडल पर ₹200 से ₹1000 तक कमीशन प्राप्त करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन बजाज (35 वर्ष) निवासी कश्यप कॉलोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। वह तांबा-पीतल स्क्रैप के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसी व्यवसाय के चलते उसका बैंकों में लगातार आना-जाना रहता था, जिसके माध्यम से उसने बैंक अधिकारियों से संपर्क बढ़ाकर यह अवैध कारोबार शुरू किया।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात बेलगहना पुलिस एवं ACCU टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है।
सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
