राजू वासवानी,रायपुर.10/जनवरी/2025
निकाय चुनाव में ईवीएम को लेकर कांग्रेस ने साधा निशाना, बीजेपी पर लगाया यू-टर्न का आरोप
रायपुर। कांग्रेस ने निकाय चुनाव में ईवीएम से मतदान कराने के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को घेरा है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बयान देते हुए कहा कि बीजेपी अपनी असलियत पर आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पहले बैलेट पेपर से चुनाव कराने की बात कही थी, लेकिन अब जब फीडबैक मिला कि वे चुनाव हार सकते हैं, तो उन्होंने यू-टर्न लेते हुए ईवीएम से चुनाव कराने का फैसला लिया है।
शुक्ला ने कहा, “दरअसल, बीजेपी की जान ईवीएम में बसती है। यह उनकी पुरानी आदत रही है कि जब जनता का समर्थन नहीं मिलता, तो वे ईवीएम के जरिए चुनावी जुगाड़ करने की कोशिश करते हैं।”
कांग्रेस ने इसे बीजेपी की चुनावी रणनीति पर सवाल खड़े करते हुए लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताया है। शुक्ला ने कहा कि बीजेपी को जनता का सामना करना चाहिए और बैलेट पेपर के माध्यम से पारदर्शी चुनाव कराने का वादा निभाना चाहिए।
