RV cg news राजू वासवानी, रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
छत्तीसगढ़ में बनेगी अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी — खेल और कौशल विकास की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय का चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने किया स्वागत
रायपुर, 30 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार द्वारा खेल, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने हृदय से स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की अध्यक्षता में मंत्रालय भवन, अटल नगर (नवा रायपुर) में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को नवा रायपुर के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि आबंटित कर एक अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी की स्थापना की स्वीकृति दी गई। यह कदम राज्य में खेल संस्कृति को एक नई दिशा देगा।
चेम्बर अध्यक्ष श्री थौरानी ने इस निर्णय को क्रांतिकारी बताते हुए कहा, “यह निर्णय न केवल राज्य के होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी एक अलग पहचान दिलाएगा।”
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में अपार प्रतिभा है, और यदि उन्हें आधुनिक कोचिंग सुविधाएं एवं मार्गदर्शन मिले तो वे भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। यह अकादमी खिलाड़ियों के शारीरिक, तकनीकी और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।
चेम्बर अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी और समस्त कैबिनेट को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह निर्णय खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा और युवा खिलाड़ियों के लिए एक मूल्यवान सौगात सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने IPL जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने प्रदर्शन से देश और राज्य को गौरवान्वित किया है।
साथ ही, चेम्बर अध्यक्ष श्री थौरानी ने कैबिनेट द्वारा खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) के अंतर्गत लिए गए निर्णय की भी सराहना की।
नई गाइडलाइंस के अनुसार अब जिला खनिज संस्थान न्यास की न्यूनतम 70% राशि का उपयोग पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला-बाल कल्याण, कौशल विकास, रोजगार, स्वच्छता, पशुपालन और आवास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाएगा।
उन्होंने कहा,“इन निर्णयों से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, कौशलयुक्त कार्यबल तैयार होगा, और छत्तीसगढ़ विकास के नए आयामों की ओर अग्रसर होगा। यह राज्य के लिए विकास और आत्मनिर्भरता का सुनहरा अवसर है।”
चेम्बर अध्यक्ष ने युवाओं से इस अवसर का भरपूर लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वे कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ें और छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करें।
