RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
रायपुर, 11/ जून / 2026
रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में 11जून गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह लगभग 10 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बिल्डिंग की दूसरी एवं तीसरी मंजिल तक फैल गई। आग पर पूरी तरह काबू पाने में फायर ब्रिगेड को लगभग 11 घंटे का समय लगा।
दुकान में बड़ी मात्रा में टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री, स्पेयर पार्ट्स तथा लुब्रिकेंट्स रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती गई। आग बुझाने के लिए करीब 15 फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया। फायर कर्मियों ने जेसीबी की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा तोड़कर भीतर प्रवेश किया और राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया। यह घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह दुकान के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एमसीबी ऑन करने के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी तत्काल मौके पर पहुंचे और देर रात तक राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। भीषण गर्मी और लगातार चल रहे अभियान के बीच उन्होंने फायर ब्रिगेड कर्मियों एवं राहत कार्य में लगे कर्मचारियों को समय-समय पर पानी वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। उनकी सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
इस दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, पुलिस विभाग तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। सभी विभागों के समन्वित प्रयास, त्वरित कार्रवाई और सतत निगरानी के कारण आग पर काबू पाया जा सका तथा आसपास की अन्य दुकानों और भवनों को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
लगातार 11 घंटे तक चले इस अभियान के बाद आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। प्रशासन की तत्परता, फायर कर्मियों की मेहनत और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने इस चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
