RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
रायपुर। छत्तीसगढ़ रायपुर पुलिस ने आईपीएल मैचों को लेकर सख्त निर्देश जारी करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि मैच का आनंद लें, लेकिन किसी भी प्रकार से कानून का उल्लंघन न करें। आईपीएल टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों एवं ब्लैक में टिकट खरीदने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि टिकटों को अधिक कीमत पर बेचना या खरीदना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी तथा भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
रायपुर में 10 मई और 13 मई को आईपीएल मुकाबले आयोजित होने जा रहे हैं। 10 मई को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले में बेंगलुरु और मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि स्टार खिलाड़ी Virat Kohli, Rohit Sharma, Hardik Pandya और Jasprit Bumrah जैसे दिग्गज क्रिकेटर रायपुर पहुंच चुके हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि खेल आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
