RV cg news राजू वासवानी,रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के विमोचन में चेम्बर ऑफ कॉमर्स की भागीदारी
“विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में चेम्बर सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा” – सतीश थौरानी
रायपुर, 17 जुलाई:
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047” का भव्य विमोचन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री सुमन बेरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी सहित कैबिनेट मंत्री और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम में सहभागिता कर इस दस्तावेज़ का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, सरल मोदी, राजेश वासवानी,राधाकिशन सुंदरानी, तेजकुमार बजाज, धनेश मटलानी व दिलीप इसरानी शामिल रहे।
श्री थौरानी ने कहा, “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 राज्य के नवयुग का शुभारंभ है। यह दस्तावेज़ प्रधानमंत्री मोदी जी की दूरदर्शिता और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व का उत्कृष्ट प्रतीक है। इसमें राज्य को ‘विकासशील’ से ‘विकसित’ बनाने की ठोस योजना है, जिसमें चेम्बर का हर सदस्य पूर्ण सहयोग करेगा।”
उन्होंने बताया कि देश में गुजरात के बाद छत्तीसगढ़ दूसरा राज्य है जिसने अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। यह 10 मुख्य थीम पर आधारित है – जिसमें उद्योग, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, संस्कृति, हर्बल उत्पाद, कृषि, बुनियादी और निजी ढांचा, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर व सुशासन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
श्री थौरानी ने कहा कि अगले 5 वर्षों में राज्य का GSDP दोगुना होकर ₹10 लाख करोड़ और 2047 तक ₹75 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें व्यापारियों और उद्योगपतियों की महती भूमिका होगी।
उन्होंने रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे, इको-टूरिज्म, स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) और हरित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को ‘आर्थिक परिवर्तन के स्तंभ’ बताया और कहा कि इससे न केवल रोजगार बढ़ेगा बल्कि छत्तीसगढ़ एक निर्यातक राज्य के रूप में उभरेगा।
चेम्बर ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, नीति आयोग एवं समस्त सरकार को इस दूरदर्शी कदम के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
