RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
रायपुर – 12/मई/2026

सहयोग संस्था द्वारा बेटी-अभिभावक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, 62 परिवारों को दी जाएगी सफारी अटैची
रायपुर। सहयोग एक सामाजिक संस्था द्वारा अपने 14वें सामाजिक आयोजन के रूप में “बेटी-अभिभावक सम्मान समारोह” का आयोजन 24 मई, रविवार शाम 6:00 बजे कटोरा तालाब स्थित वृंदावन हॉल में किया जा रहा है। इस विशेष समारोह में समाज के 62 चयनित परिवारों का सम्मान किया जाएगा तथा प्रत्येक परिवार को सफारी कंपनी की आकर्षक अटैची, स्मृति स्वरूप उपहार एवं फ्रेमयुक्त सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही सभी अभिभावकों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया जाएगा।
सहयोग संस्था सदैव समाजहित एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों में अग्रणी रही है। इस बार संस्था ने उन बेटियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित करने का संकल्प लिया है, जिन परिवारों में बेटियां ही घर की शान और अभिमान हैं। संस्था का मानना है कि बेटियां किसी भी परिवार की सबसे बड़ी संपत्ति और भगवान का अनमोल आशीर्वाद होती हैं।
यह सम्मान समारोह उन माता-पिता और बेटियों को समर्पित है, जिन्हें अपने संस्कारों, रिश्तों और परिवार पर गर्व है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के सम्मान, महिला सशक्तिकरण और सकारात्मक पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदर देवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार सहयोग ग्रुप की महिला टीम का भी गठन किया गया है। चूंकि यह आयोजन महिलाओं और बेटियों को समर्पित है, इसलिए कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा महिला टीम द्वारा तैयार की गई है तथा कार्यक्रम का संचालन भी महिला सदस्य ही करेंगी।
सहयोग संस्था ने समाज के सभी लोगों से इस प्रेरणादायी आयोजन में उपस्थित होकर बेटियों के सम्मान के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
