RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
झूलेलाल चालीहो महोत्सव के 31वें वर्ष में धार्मिक आस्था और सिंधी संस्कृति का भव्य संगम—परिवार सहित शामिल होने सिंधु विकास समिति की समाजजनों से विनम्र अपील
रायपुर, छत्तीसगढ़।
सिंधु विकास समिति द्वारा आयोजित झूलेलाल चालीहो महोत्सव के 31वें वर्ष का समापन धार्मिक आस्था, भक्ति और सिंधी संस्कृति के रंग में भव्य रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर विगत 40 वर्षों से प्रज्ज्वलित अखंड ज्योत श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सिंधु विकास समिति एवं समाज की पंचायत ने सभी मान्यवरों, मुखी साहिबान, पदाधिकारियों एवं समस्त श्रद्धालु संगत से विनम्र निवेदन किया है कि इस धार्मिक मेले में परिवार सहित शामिल होकर अपनी सहभागिता प्रदान करें। विशेष रूप से बच्चों को भी साथ लाने की अपील की गई है, ताकि नई पीढ़ी को सनातन धर्म, सिंधी संस्कृति एवं भगवान झूलेलाल की भक्ति से परिचित कराया जा सके।
22 अगस्त 2026 — भजन-कीर्तन एवं आम भंडारा
शनिवार, 22 अगस्त को शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक साईं कृष्णदास एवं साईं आनंदराम दरबार, चकरभाठा द्वारा भजन-कीर्तन, पलऊ साहिब एवं इसके पश्चात आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
स्थान: नवनिर्मित एक्सेस टावर, निरंकारी भवन के पास, सारथी चौक, गुरूरामदास नगर।
23 अगस्त 2026 — मुख्य समापन कार्यक्रम
रविवार, 23 अगस्त को सुबह 11 बजे से खीर-स्नान, चालीहो साहेब की ज्योत एवं कलश दर्शन होंगे। दोपहर 1 बजे पूजा-अर्चना तथा संत युधिष्ठरलाल शदाणी जी, निरंकारी प्रमुख एवं भाई साहिबान की गरिमामयी उपस्थिति में भजन-कीर्तन एवं पलऊ साहिब का आयोजन होगा।
दोपहर 1:30 बजे से शाम 4 बजे तक आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
स्थान: नवनिर्मित एक्सेस टावर, निरंकारी भवन के पास, सारथी चौक, गुरूरामदास नगर।
शाम 5 बजे निकलेगी बहराणा साहेब की भव्य शोभायात्रा
शाम 5 बजे बैंड-बाजे एवं पारंपरिक सिंधी छेज़ के साथ बहराणा साहेब की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ गोदड़ी धाम रायपुर की महंत अम्मा मीरादेवी जी के करकमलों से होगा।
शोभायात्रा में समाज की माताएं एवं बहनें सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। श्रद्धा और भक्ति से सजी यह शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर से प्रारंभ होकर संत निरंकारी भवन, सारथी चौक, बाबा किशाराम दरबार, संत कंवरराम धर्मशाला लाखेनगर, डॉ. भीमनदास बजाज सामु गली, झामनदास अठवानी निवास एवं मंगल बाजार होते हुए रामकुंड सरोवर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
सिंधु विकास समिति एवं समाज की पंचायत, रायपुर छत्तीसगढ़ ने समस्त समाजजनों से इस भव्य धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित शामिल होकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
