RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो. 9827916611

रायपुर, 9/जून/2026
छत्तीसगढ़ कराओके सिंगिंग स्टार गायन प्रतियोगिता
पुराने कालजयी गीतों ने बाजी मारी.. नव्या बनी विजेता
सुर साज म्यूजिकल एकेडमी द्वारा आयोजित और इट्सा अस्पताल रायपुर द्वारा प्रायोजित छत्तीसगढ़ कराओके सिंगिंग स्टार ओपन गायन प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले मायाराम सुरजन हॉल रायपुर में 5 जून की संध्या पद्मश्री सम्माननीय मदन चौहान के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इसमें युवा और नवोदित प्रतिभाशाली कलाकारों ने शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गीतों से श्रोताओं का मन जीत कर अद्भुत समाँ बाँध दिया।
प्रतियोगिता तीन राउंड में 4 और 5 जून को चली। इसमें लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया 30 प्रतिभागियों को सेमीफाइनल के लिए चुना गया और फिर उनमें से 11 कलाकार ग्रैंड फिनाले हेतु चुने गए।
प्रतियोगिता में रायपुर शहर के अलावा जगदलपुर कांकेर राउरकेला बिलासपुर भिलाई दुर्ग और कोरबा से भी प्रतिभागी पहुंचे थे।
प्रथम स्थान- नव्या रंजन रायपुर… कुहू कुहू बोले कोयलिया, (1957) द्वितीय स्थान- प्रिंस वानखेड़े रायपुर..अजहूँ न आए बालमा सावन बीता जाए ( 1962) और तृतीय स्थान- मोहम्मद अनीस कोरबा ओ दुनिया के रखवाले सुन दर्द भरे मेरे नाले ( 1952) को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगीत के प्रकांड विद्वान पद्मश्री मदन चौहान ने अपने आशीर्वचन में कहा कि यह आयोजन कला के क्षेत्र में बहुत सराहनीय कदम है प्रतिभागियों की गायन प्रतिभा अत्यंत प्रभावशाली है और उनका शास्त्रीय संगीत के प्रति रुझान कला की ऊँचाईयों को स्पर्श कर रहा है; यह बहुत प्रसन्नता की बात है। विशिष्ट अतिथि श्री राम विद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्य संगीतज्ञ श्री संजय गिजरे ने भी सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य और शास्त्रीय संगीत के उत्तरोत्तर विकास की कामना की। विशिष्ट अतिथि तबला वादक श्री महेंद्र चौहान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसा आयोजन लाइव बैंड में करवाया जाए और आयोजक समिति का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हम उसमें अपना पूर्ण सहयोग देंगे।
कार्यक्रम में तीन विद्वान संगीत गुरु कमला देवी महाविद्यालय के श्री तारेंद्र प्रसाद सेन, श्री राम संगीत विद्यालय की सुश्री मऊ गुप्ता एवं श्रीमती बॉबी मंडल ने कठोर परिश्रम से अपना निष्पक्ष निर्णय दिया।
आयोजक समिति के कमल बड़वानी, दीपक देवांगन, स्मिता राजे, कविता बिजोलिया और मीना सोनी ने अपने अथक प्रयास से संगीत के सितारों की चयन प्रक्रिया को कार्यान्वित किया। लगातार दो दिनों तक कार्यक्रम का सफल संचालन नवोदित संचालिका सुश्री अदिति जोशी ने किया।
इस ऐतिहासिक संगीतमय संध्या के साक्षी बने श्रोताओं से हाॅल खचाखच भरा था और हाॅल के बाहर रहकर भी संगीत प्रेमी रसिक श्रोता गीतों का आनंद उठा रहे थे।
