RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
रायपुर ,05/जून/2026
सिंधी समाज के नाम महत्वपूर्ण निवेदन: अधिकृत संस्था केवल पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत (रजि.) – महेश दरयानी
वैधानिक पंचायत ही अधिकृत संस्था, समानांतर संगठन पर उठाए गंभीर सवाल
रायपुर। पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत (रजि.) के प्रदेश अध्यक्ष महेश दरयानी ने समाज के नाम जारी एक महत्वपूर्ण निवेदन में स्पष्ट किया है कि पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत (रजि.) एक विधिवत पंजीकृत एवं वैधानिक संस्था है, जिसका वर्तमान कार्यकाल नियमानुसार प्रभावी है। संस्था का संचालन संविधान एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ पूर्व पदाधिकारियों द्वारा
“पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत” नाम से समानांतर संगठन का गठन किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। समान अथवा मिलते-जुलते नामों का उपयोग समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर सकता है तथा पंजीकृत संस्था की पहचान एवं अधिकारों को प्रभावित कर सकता है, जो समाजहित में उचित नहीं है।
महेश दरयानी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या समूह को वर्तमान व्यवस्था से असहमति है तो उसके समाधान के लिए संस्था के संविधान, आमसभा, चुनाव प्रक्रिया एवं विधिक मार्ग उपलब्ध हैं। किंतु समानांतर संगठन खड़ा करना सामाजिक एकता और समरसता को कमजोर करने वाला कदम माना जाएगा।
उन्होंने समाज के सभी सदस्यों को अवगत कराया कि पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत (रजि.) ही वर्तमान में वैधानिक रूप से मान्य एवं अधिकृत संस्था है तथा किसी भी प्रकार की आधिकारिक घोषणा, प्रतिनिधित्व या प्रशासनिक संवाद इसी संस्था के माध्यम से वैध माना जाएगा।
अंत में उन्होंने समाजबंधुओं से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर समाज की एकता, परंपरा और मर्यादा को बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि “विभाजन नहीं, समन्वय ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
जय श्री झूलेलाल।
महेश दरयानी
(प्रदेश अध्यक्ष)
पूज्य छत्तीसगढ़ सिन्धी पंचायत (रजि.)
