RV cg news राजू वासवानी, रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
शिव ग्वालानी की किताबें ‘मास्टर ऑफ नथिंग’ और ‘मास्टर ऑफ एवरीथिंग’ भेंट
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि मंडल ने कल नार्थ ब्लॉक में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन से व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में चेंबर के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी और अध्यक्ष सतीश थौरानी ने व्यापार जगत से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से रखा।
बैठक के अंत में चेंबर प्रतिनिधि मंडल ने चेंबर के वरिष्ठ सदस्य, उपन्यासकार एवं पूर्व विधि मंत्री शिव ग्वालानी की दो चर्चित कृतियां “मास्टर ऑफ नथिंग” और “मास्टर ऑफ एवरीथिंग” वित्त मंत्री को भेंट कीं। इनमें से “मास्टर ऑफ एवरीथिंग” विभाजन की त्रासदी और व्यापारी हितों को लेकर हाईकोर्ट में लड़ी गई सच्ची कहानी पर आधारित है।
इस अवसर पर ललित जैसिंघ ने बताया कि यह किताब पहले भी गृहमंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को भेंट की जा चुकी है। वहीं, ग्वालानी के पुत्र सीए रवि ग्वालानी ने बताया कि इसका विमोचन संविधान क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में शदाणी दरबार के पीठाधीश्वर संत युद्धिष्ठिर महाराज के करकमलों से हुआ था।
पूर्व विधायक एवं चेंबर संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि यह पुस्तक व्यापारी संघर्ष और विभाजन की ऐतिहासिक सच्चाई को सामने लाती है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल राजेश वासवानी ने भी वित्त मंत्री के समक्ष चेंबर द्वारा व्यापारिक हितों के लिए किए गए संघर्षों को रेखांकित किया।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने लेखक की दोनों पुस्तकों को सहर्ष स्वीकार किया। उल्लेखनीय है कि शिव ग्वालानी की तीसरी किताब “दास्ताने कश्मीर” का विमोचन हाल ही में श्रीनगर में डॉ. फारुख अब्दुल्ला ने किया है, जो हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में देश-विदेश में व्यापक रूप से रिलीज होने वाली है।
