RV cg news राजू वासवानी रायपुर छत्तीसगढ़ मो.9827916611
सिंधु कुंभ में शामिल होकर लौटे श्रद्धालुओं ने बताया अद्भुत अनुभव, सिंधु तट पर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव का हुआ भव्य संगम
रायपुर। छत्तीसगढ़ सिंधु सेवा महापंचायत के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी लेह-लद्दाख की पावन सिंधु दर्शन यात्रा से लौटे। उनके रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में समाजजनों द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे आस्था, सांस्कृतिक गौरव और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम बताया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि लेह-लद्दाख में आयोजित सिंधु दर्शन यात्रा भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का एक अनूठा अवसर है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचकर पवित्र सिंधु नदी के तट पर पूजा-अर्चना करते हैं तथा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करते हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु अपने-अपने क्षेत्रों की नदियों का जल लेकर सिंधु नदी में अर्पित करते हैं, जो राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और अखंड भारतीय चेतना का प्रतीक माना जाता है। इस वर्ष लेह में आयोजित कार्यक्रम को “सिंधु कुंभ” के रूप में भव्य स्वरूप दिया गया, जहां संत-महात्माओं, समाज प्रतिनिधियों एवं हजारों श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए प्रार्थना की।
रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में छत्तीसगढ़ सिंधु सेवा महापंचायत के महामंत्री जितेंद्र बड़वानी, राजेश गुरनानी, सुदेश मंध्यान, हरि तलरेजा, मोहन नेभानी, राहुल खूबचंदानी, आकाश डोडवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे। उन्होंने श्रीचंद सुंदरानी एवं यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
